Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 12 जून। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत द्वारा अधिकतम विक्रय मूल्य (एमआरपी) निर्धारण में पारदर्शिता की मांग को लेकर तहसील परिसर में विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम संगठन के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर देशव्यापी आंदोलन के तहत आयोजित किया गया, जिसके अंतर्गत नई दिल्ली के जंतर-मंतर सहित देशभर में उपभोक्ता हितों की रक्षा के लिए आवाज उठाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं संगठन के प्रेरणा स्रोत महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि कई उत्पादों पर उनकी वास्तविक लागत की तुलना में कई गुना अधिक एमआरपी निर्धारित की जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं का आर्थिक शोषण हो रहा है। उन्होंने कहा कि एमआरपी निर्धारण की वर्तमान व्यवस्था में पारदर्शिता का अभाव है और आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से अधिक मूल्य चुकाना पड़ता है। धरना-प्रदर्शन में केंद्र सरकार से मांग की गई कि उत्पादों पर उत्पादन लागत, कर एवं लाभांश का स्पष्ट विवरण अंकित करने की व्यवस्था लागू की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को वस्तु की वास्तविक कीमत की जानकारी मिल सके। वक्ताओं ने कहा कि ग्राहक पंचायत सदैव उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्षरत रही है और आगे भी जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी। धरने के बाद संगठन के पदाधिकारियों ने उप जिलाधिकारी राज बहादुर सिंह के माध्यम से प्रधानमंत्री, वित्त मंत्री एवं वाणिज्य मंत्री के नाम ज्ञापन भेजकर एमआरपी व्यवस्था में व्यापक सुधार और उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की। इस अवसर पर प्रमुख रूप से प्रांतीय संगठन मंत्री राजेन्द्र अग्रवाल एडवोकेट रोजगार सृजन प्रमुख श्री अनूप अग्रवाल उदय, आरएसएस विभाग अधिकारी अजय कुलश्रेष्ठ जिलाध्यक्ष श्री मनोज बूटियां, जिला सचिव श्री लोकेश अग्रवाल, जिला कोषाध्यक्ष मनोज वर्मा जिला मंत्री अभय बंसल नगर अध्यक्ष राम अग्रवाल नगर सचिव श्याम अग्रवाल पर्यावरण प्रमुख अनिल अग्रवाल श्री विष्णु वर्मा व्यापारी नेता तरुण पंकज किसान संघ से अनिल गुप्ता भूदेव सिंह, राजकुमार पाराशर दिनेश कुमार धनगर भगवती प्रसाद शर्मा गोविंद वार्ष्णेय हिमांशु पौरुष सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page