
वाराणसी 16 जुलाई। उत्तर प्रदेश एंटी करप्शन टीम ने वाराणसी में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जीएसटी विभाग की डिप्टी कमिश्नर अंबिका सिंह को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सिविल ड्रेस में मौजूद चार महिला दारोगा आरोपी अधिकारी को पकड़ने के लिए मशक्कत करती दिखाई दे रही हैं। जानकारी के अनुसार, डिप्टी कमिश्नर अंबिका सिंह पर एक कारोबारी से जीएसटी रिटर्न और कंपनी की फाइल के निस्तारण के नाम पर 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप था। पीड़ित की शिकायत के आधार पर यूपी एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया और चेतगंज स्थित दादा रेस्टोरेंट के पास रिश्वत लेते समय उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान जैसे ही अंबिका सिंह को ट्रैप होने का आभास हुआ, उन्होंने मौके से भागने का प्रयास किया। हालांकि पहले से तैनात सिविल ड्रेस में मौजूद चार महिला दारोगाओं ने उनका पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। वायरल वीडियो में आरोपी अधिकारी गिरफ्तारी से बचने की कोशिश करती हुई भी दिखाई दे रही हैं। एंटी करप्शन टीम ने आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। जांच एजेंसियां आवश्यकता पड़ने पर उनकी आय से अधिक संपत्ति और अन्य वित्तीय लेनदेन की भी जांच कर सकती हैं। इस कार्रवाई के बाद सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया है। एंटी करप्शन विभाग का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।











