
हाथरस 25 अक्टूबर। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारु ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने रविवार को प्रथम दिवस की प्रथम पाली में बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल, हाथरस स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्र के सीसीटीवी कंट्रोल रूम पहुंचकर कैमरों के माध्यम से विभिन्न परीक्षा कक्षों में चल रही परीक्षा प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों की स्थिति का जायजा लेते हुए निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने तथा परीक्षा को पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए तैनात बायोमेट्रिक टीम से भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक परीक्षार्थी का बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए और सत्यापन के बिना किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति न दी जाए। जिलाधिकारी ने केंद्र पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता, निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस संबंध में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर, परीक्षा केंद्र प्रभारी, टेक्निकल टीम सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।









