
हाथरस 26 जुलाई। शहर के कमला बाजार स्थित तिवारी गली में घर में घुसकर पति-पत्नी के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने नामजद आरोपियों समेत 10 से अधिक लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तिवारी गली निवासी पूजा वर्मा पत्नी अंकुर वर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 22 जुलाई की सुबह सोनू माहौर, जतिन माहौर और राम खिलाड़ी माहौर निवासी सीयल अशोका टाकीज अपने साथ करीब 10 अज्ञात लोगों को लेकर उनके घर पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और उनके पति अंकुर वर्मा के साथ मारपीट करने लगे।
पीड़िता का आरोप है कि जब उन्होंने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की की, अभद्र भाषा का प्रयोग किया तथा डंडों और सरियों से मारपीट की। तहरीर में कहा गया है कि आरोपियों ने उन्हें पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और जान से मारने की धमकी दी। जाते समय भी आरोपियों ने चेतावनी दी कि यदि थाने में शिकायत की तो पूरे परिवार को जान से मार देंगे। घटना से डरी-सहमी पूजा वर्मा ने 24 जुलाई को कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने अपने पड़ोसी राधेलाल एवं राजाराम निवासी तिवारी गली की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है। उनका आरोप है कि उन्हें पूरा विश्वास है कि यह घटना इन्हीं के इशारे पर कराई गई है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





