सिकन्दराराऊ 23 जून । सिकंदराराऊ क्षेत्र में एक ट्रक से करीब 70 लाख रुपये मूल्य का तांबा गायब होने का मामला सामने आया है। हरदोई से गाजियाबाद के लिए भेजा गया तांबे से लदा ट्रक लावारिस हालत में खड़ा मिला, जबकि उसमें लदा अधिकांश माल गायब पाया गया। मामले में चालक पर सुनियोजित तरीके से माल गायब करने का संदेह जताया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हरदोई जनपद के सण्डीला स्थित श्री श्याम इंडस्ट्रीज से 21 जून की शाम लगभग 6:30 बजे 48 पीस कॉपर (तांबा) का माल आयशर ट्रक संख्या यूपी-14 आरटी 5142 में लादकर भेजा गया था। माल का कुल वजन 7.678 टन बताया गया है, जिसकी कीमत लगभग 89.68 लाख रुपये आंकी गई है। यह माल गाजियाबाद भेजा जा रहा था और ट्रक को दुर्गा ट्रांसपोर्ट एंड कंपनी के माध्यम से संचालित किया जा रहा था। ट्रक का चालक एटा निवासी राजेश कुमार उर्फ मंटू था। 22 जून को निर्धारित स्थान पर माल नहीं पहुंचने पर उद्योग प्रतिनिधियों ने ट्रांसपोर्टर से संपर्क किया। जीपीएस लोकेशन के आधार पर ट्रक थाना सिकंदराराऊ क्षेत्र की पोरा चौकी अंतर्गत ग्राम फुलरई के सामने खड़ा मिला। सूचना मिलने पर उद्योग प्रतिनिधि, ट्रांसपोर्टर और पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन चालक मौके से गायब था।
जांच के दौरान ट्रक में लदी 48 कॉपर सिल्ली में से 36 सिल्ली गायब मिलीं। गायब हुए तांबे की कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके बाद उद्योग प्रतिनिधि पुष्पेंद्र सिंह ने कोतवाली सिकंदराराऊ में तहरीर देकर चालक पर माल गायब करने का आरोप लगाया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शिव कुमार शर्मा ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है तथा फरार चालक की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस इस संभावना की भी जांच कर रही है कि कहीं यह लूट की घटना तो नहीं है, जिसमें चालक स्वयं भी किसी साजिश या अपराध का शिकार हुआ हो। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और चालक के मिलने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस फरार चालक की तलाश के साथ-साथ गायब हुए तांबे की बरामदगी के प्रयासों में जुटी हुई है।




















