Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 23 जून।  क्षेत्र के गांव बुधू नगला हेमराज में पिता की हत्या के मुकदमे में समझौते का दबाव बनाने और विरोध करने पर पीड़ित परिवार के साथ मारपीट एवं महिलाओं के साथ अभद्रता का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर कार्रवाई न करने और आरोपितों का पक्ष लेने का आरोप लगाया है। अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) आगरा से शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव बुधू नगला हेमराज निवासी अमित कुमार ने शिकायत में बताया कि 11 दिसंबर 2023 को गांव के ही कुछ लोगों ने रंजिशन उनके पिता ऊदल सिंह की हत्या कर दी थी। इस मामले में आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। अमित का आरोप है कि जेल से रिहा होने के बाद आरोपित लगातार मुकदमे में समझौता करने का दबाव बना रहे थे। पीड़ित के अनुसार, 26 मई  को उन्होंने आरोपितों द्वारा दी जा रही धमकियों की शिकायत पुलिस अधीक्षक और थाना पुलिस से की थी। इसके बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। आरोप है कि इससे बौखलाकर एक जून 2026 की शाम करीब छह बजे आरोपित लाठी-डंडे लेकर उनके घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया।

अमित कुमार का कहना है कि आरोपितों ने उनके साथ-साथ उनके भाई नितिन, मां शशी देवी तथा बहनों अंशु और शिवानी के साथ भी मारपीट की। आरोप है कि महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उन्हें पकड़कर घसीटा गया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल शशी देवी और अंशु को उपचार के लिए 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। परिजनों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर थी। पीड़ित ने आरोप लगाया कि अगले दिन थाना हाथरस गेट में तहरीर देने के बावजूद रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारी द्वारा उल्टा समझौते का दबाव बनाया गया तथा मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। अमित कुमार ने बताया कि आरोपित हत्या के मामले में नामजद एवं हिस्ट्रीशीटर हैं। मामले में न्याय न मिलने पर उन्होंने पांच जून को अपर पुलिस महानिदेशक आगरा से शिकायत कर दोषी पुलिसकर्मियों एवं आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page