सिकंदराराऊ (हसायन) 12 मई । कस्बा हसायन एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू गैस आपूर्ति करने वाली रामगोपाल इंडेन गैस सर्विस मैंडू द्वारा गैस सिलेंडरों की डिलीवरी वाहन सेवा बंद किए जाने से हजारों उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं ने इस समस्या के समाधान के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स से हस्तक्षेप की मांग की है। स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि रामगोपाल इंडेन गैस सर्विस, मैंडू द्वारा कई वर्ष पूर्व बेहतर सेवा का आश्वासन देकर बड़ी संख्या में घरेलू गैस संयोजन वितरित किए गए थे। प्रारंभिक समय में एजेंसी द्वारा प्रत्येक सप्ताह गुरुवार को मेटाडोर वाहन के माध्यम से कस्बा हसायन एवं देहात क्षेत्र में गैस सिलेंडरों की डिलीवरी की जाती थी। इससे उपभोक्ताओं को घर के नजदीक ही रिफिल गैस सिलेंडर उपलब्ध हो जाते थे। लेकिन कुछ समय बाद एजेंसी द्वारा डिलीवरी वाहन भेजना बंद कर दिया गया। इसके बाद कुछ समय तक महौं स्थित इंडेन गैस एजेंसी की ओर से वाहन के माध्यम से गैस वितरण किया जाता रहा, परंतु अब वह सेवा भी बंद हो चुकी है। परिणामस्वरूप उपभोक्ताओं को प्रत्येक माह गैस सिलेंडर प्राप्त करने के लिए मैंडू स्थित एजेंसी तक लगभग 44 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ रही है।
उपभोक्ताओं सुनील कुमार, रिंकू अग्रवाल, अशोक कुमार, मधुवाला सहित अन्य लोगों ने बताया कि भीषण गर्मी में खाली सिलेंडर लेकर एजेंसी पहुंचना अत्यंत कठिन हो रहा है। एजेंसी पर भी कभी केवाईसी अपडेट तो कभी कई दिनों का इंतजार बताकर उपभोक्ताओं को परेशान किया जा रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस डिलीवरी वाहन बंद होने से विशेष रूप से बुजुर्ग, महिलाओं और ग्रामीण परिवारों को अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि हसायन कस्बा एवं आसपास के क्षेत्रों में पुनः नियमित गैस डिलीवरी वाहन की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।


























