
हाथरस 26 जून। सदर कोतवाली क्षेत्र की नवरत्न कॉलोनी में एक परिवार के नैनीताल भ्रमण पर जाने के दौरान सूने मकान को चोरों ने निशाना बना लिया। अज्ञात चोर घर के मुख्य दरवाजे और अलमारी का लॉक तोड़कर नकदी एवं कीमती आभूषण चोरी कर फरार हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। थाना कोतवाली सदर में दी गई तहरीर के अनुसार राजेंद्र कुमार पुत्र भीकम सिंह, निवासी नगला महेंद्र, ढकपुरा रोड, थाना हाथरस गेट ने बताया कि 24 जून की सुबह उनकी रिश्तेदार चंद्रप्रभा पत्नी स्वर्गीय सुरेश चंद्र का फोन आया। उन्होंने बताया कि वह अपने परिवार के साथ नैनीताल भ्रमण पर गई हुई हैं। इसी दौरान पड़ोसियों ने उन्हें सूचना दी कि नवरत्न कॉलोनी, कोटा रोड के निकट स्थित उनके मकान में चोरी हो गई है।
सूचना मिलते ही राजेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि मकान के मुख्य दरवाजे के ताले टूटे हुए थे और घर के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने अलमारी और लॉकर भी तोड़ दिए थे। मकान स्वामिनी के बाहर होने के कारण राजेंद्र कुमार ने उनकी ओर से थाना कोतवाली सदर में लिखित तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। प्राथमिक जानकारी के अनुसार चोर घर से नकदी और कीमती आभूषण चोरी कर ले गए हैं। हालांकि चोरी गए सामान और कुल नुकसान का सही आकलन मकान स्वामिनी के नैनीताल से लौटने के बाद ही हो सकेगा। घटना की सूचना पर पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने साक्ष्य जुटाए। इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी है और मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।






















