Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 26 जून। क्षेत्र के शेरपुर गांव में एक शादी समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बारात के दरवाजे पर पहुंचते ही कुछ लोगों ने कथित रूप से हमला बोल दिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया, जिसमें छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शेरपुर निवासी वीरेंद्र सिंह ने थाना कोतवाली हाथरस जंक्शन में दी गई तहरीर में बताया कि 24 जून को उनके भाई जसवंत सिंह की पुत्री आरती का विवाह समारोह था। शाम को जैसे ही बारात दरवाजे पर पहुंची, तभी पहले से घात लगाए बैठे अशोक, प्रमोद, हरिओम, अर्जुन, इंदल, देवा, लवकुश, संतोष और अरुण ने अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से बरातियों एवं घरातियों पर हमला किया। इस हमले में मनोज कुमार, बबिता पत्नी राजू, धवेंद्र, सूरज, पटवारी सिंह और मौनू गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि घटना पुरानी रंजिश का परिणाम है। अचानक हुए हमले से शादी समारोह में भगदड़ मच गई और खुशियों का माहौल तनाव में बदल गया। वीरेंद्र सिंह ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। क्षेत्राधिकारी सीओ अमित पाठक ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में स्थिति सामान्य है और पुलिस क्षेत्र में नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page