Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ 26 जून। कस्बे के ईदगाह रोड स्थित शिव कॉलोनी में एक महिला की विषाक्त पदार्थ के सेवन से मौत हो गई। महिला ने कथित रूप से गेहूं में डालने वाली सल्फास कीटनाशक का सेवन कर लिया था। हालत बिगड़ने पर उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मृतका की पहचान प्रतिमा के रूप में हुई है, जो बृजेश की पुत्री तथा मूल रूप से शिकोहाबाद की रहने वाली थी। लगभग चार वर्ष पूर्व उसका विवाह अमौसी गांव निवासी नीरज पुत्र जयवीर सिंह के साथ हुआ था। नीरज दिल्ली के मौसम विभाग में कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि विवाह के बाद से ही पति-पत्नी के संबंध सामान्य नहीं थे। दोनों के बीच विवाद के चलते तलाक का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। लंबे समय से दोनों अलग-अलग रह रहे थे और उनकी कोई संतान भी नहीं थी। प्रतिमा पिछले काफी समय से सिकंदराराऊ की शिव कॉलोनी में अकेली रह रही थी। जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर प्रतिमा ने घर में रखी गेहूं में इस्तेमाल होने वाली सल्फास कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। पड़ोसियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान देर रात प्रतिमा ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। कोतवाल ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है और जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page