सादाबाद 08 अगस्त। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर बहुजन समाज पार्टी की ओर से 10 अगस्त को सुबह 11 बजे कस्बे के कूपा रोड स्थित उत्सव गार्डन में विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन की तैयारियों को लेकर बसपा के वरिष्ठ नेता डॉ. अविन शर्मा द्वारा विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव में सघन जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों से सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया जा रहा है। जनसंपर्क अभियान के तहत डॉ. अविन शर्मा ने राजनगर, सहबाजपुर, कजरोठी, ऊंचागांव, धानोटी, गुमानी गढ़ी, पिपरामई और खेड़ा बरामई समेत विभिन्न गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों, युवाओं, माताओं-बहनों और बुजुर्गों से मुलाकात की। उन्होंने आगामी 10 अगस्त को आयोजित होने वाले विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। बसपा नेता के अनुसार, जनसंपर्क के दौरान उन्हें विभिन्न गांवों में लोगों का स्नेह, समर्थन और आशीर्वाद मिल रहा है। इस दौरान जाट, ब्राह्मण, जाटव सहित सर्वसमाज के लोगों ने उनका स्वागत किया और सम्मेलन में बड़ी संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने का भरोसा दिलाया। बसपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि सम्मेलन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और जनसंपर्क अभियान लगातार जारी है।






