Hamara Hathras

Latest News

लखनऊ/हाथरस 01 अगस्त। हाथरस में मेडिकल कॉलेज की स्थापना को लेकर लंबे समय से चली आ रही मांग के बीच आज भाजपा प्रदेश मंत्री यतेन्द्र शर्मा ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने हाथरस मेडिकल कॉलेज के निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग उठाई। मुलाकात के दौरान उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने यतेन्द्र शर्मा को आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार हाथरस में मेडिकल कॉलेज की स्थापना को लेकर पूरी तरह गंभीर और प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए जल्द ही पुनः टेंडर (री-टेंडर) की प्रक्रिया कराई जाएगी, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू कराने की कार्रवाई तेजी से आगे बढ़ाई जाएगी।

यतेन्द्र शर्मा ने कहा कि हाथरस में मेडिकल कॉलेज की स्थापना जनपद की वर्षों पुरानी और महत्वपूर्ण मांग है। मेडिकल कॉलेज बनने से जिले के लोगों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही आसपास के जनपदों से उपचार के लिए आने वाले मरीजों को भी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना से स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर प्राप्त होंगे। यतेन्द्र शर्मा ने उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है और उन्हें विश्वास है कि हाथरस के लोगों का वर्षों पुराना मेडिकल कॉलेज का सपना जल्द साकार होगा।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी भाजपा प्रदेश मंत्री यतेन्द्र शर्मा ने सासनी तहसील में सीओ सर्किल की स्थापना की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण से मुलाकात की थी। उन्होंने सासनी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सीओ सर्किल की स्थापना की मांग उठाई थी। अब मेडिकल कॉलेज के निर्माण को लेकर उपमुख्यमंत्री की ओर से री-टेंडर का आश्वासन मिलने के बाद हाथरस के लोगों में एक बार फिर मेडिकल कॉलेज की स्थापना को लेकर उम्मीद जगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page