
हाथरस 28 मई । जनपद में बकरीद का त्योहार आज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया। सुबह 7:15 बजे मुरसान गेट स्थित ईदगाह में हजारों नमाजियों ने ईद-उल-अज़हा की नमाज अदा की। मौलाना इकबाल ने नमाज अदा कराई तथा देश की तरक्की, अमन और खुशहाली के लिए दुआ मांगी। वहीं हाफिज हारुन नदवी ने तकरीरें पेश कीं। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। ईदगाह परिसर और आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस प्रशासन द्वारा ड्रोन कैमरे से लगातार निगरानी कराई गई। भीड़ अधिक होने पर पुलिस ने एहतियातन ईदगाह का मुख्य गेट बंद कर दिया, ताकि कोई भी व्यक्ति सड़क पर नमाज अदा न कर सके। प्रशासन और मुस्लिम इंतजामिया कमेटी के पदाधिकारियों ने सड़क पर नमाज अदा करने की कोशिश कर रहे लोगों को आसपास की मस्जिदों में भेजा। इस दौरान लगातार अनाउंसमेंट भी किया गया कि जो लोग देरी से पहुंचे हैं, वे आसपास की मस्जिदों में जाकर नमाज अदा करें।

इस अवसर पर मुस्लिम इंतजामिया कमेटी के सदर राहत अहमद कुरेशी, डॉ. रईस अहमद अब्बासी, हाजी फजलुर्रहमान,इरफान अहमद कुरैशी, कुर्वान अली शहजादे, डा० रईस अहमद अब्बासी, हाजी साबिर अब्बासी, हाजी कमर अहमद कुरैशी, मुस्ताक अहमद, शकील अहमद, आबाद अहमद, मोहन खान, जाफर फोरमैन, शकील सैफी, हाजी फजलुर्रहमान, मास्टर जलालुद्दीन, मास्टर जहीर अहमद, हाजी इकबाल कुरैशी, हाजी यूसुफ पहलवान, हाजी सलीम साहब. मोहम्मद ताहिर, इलियास काजी साहब, सौबी कुरैशी, सोहराव अहमद, मुवीन खान, बाबर खान आदि लोग मौजूद रहे। कमेटी के पदाधिकारियों और धर्मगुरुओं ने सभी को ईद की मुबारकबाद देते हुए कुर्बानी के दौरान शासन द्वारा जारी गाइडलाइन का पूरी तरह पालन करने की अपील की।

ईद के मौके पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी मुस्लिम समाज को बधाई दी। समाजवादी पार्टी के नेता बृजमोहन राही, लल्लन बाबू एडवोकेट, रामनारायण काके और मोहर सिंह ने ईदगाह पहुंचकर लोगों को ईद की शुभकामनाएं दीं। वहीं बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष राज कपूर तथा आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रकाश चंद्र गौतम भी मुस्लिम समाज के लोगों को मुबारकबाद देते नजर आए। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर उप जिलाधिकारी सदर राज बहादुर, सीओ सिटी हिमांशु माथुर तथा कोतवाली निरीक्षक सत्येंद्र सिंह राघव भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन और पुलिस द्वारा लगातार व्यवस्था बनाए रखी गई, जिससे त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।




























