Hamara Hathras

Latest News

मथुरा 03 जून । गोवर्धन क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां स्वयं को बाबा के रूप में प्रस्तुत करने वाले एक युवक को युवतियों को बहला-फुसलाकर उनका कथित रूप से ब्रेनवॉश करने और दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अभिषेक उर्फ आदिकर्ता नारायण दास के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ओडिशा के भुवनेश्वर का निवासी बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी रुड़की से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी। इंजीनियरिंग की शिक्षा प्राप्त करने के बाद वह साधु वेश धारण कर गोवर्धन क्षेत्र में रहने लगा। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि वह बाबा के रूप में कब और किन परिस्थितियों में सक्रिय हुआ। जानकारी के अनुसार आरोपी युवक-युवतियों को अपने प्रभाव में लेकर उन्हें एक समूह से जोड़ता था। आरोप है कि वह मानसिक रूप से प्रभावित कर तथाकथित “गंधर्व विवाह” कराता था और बाद में युवतियों के साथ शारीरिक संबंध बनाता था। पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन से कई युवतियों के आपत्तिजनक फोटो भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। मामले का खुलासा तब हुआ जब एक युवती ने गोवर्धन थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए आरोपी को राधाकुंड के शेरगढ़िया मोहल्ले से गिरफ्तार कर लिया। गोवर्धन क्षेत्राधिकारी (सीओ) अनिल सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसके संपर्क में कितने युवक-युवतियां आए थे और कहीं अन्य लोग भी उसके कथित शोषण का शिकार तो नहीं हुए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ऑनलाइन प्रवचन, भजन-कीर्तन और आध्यात्मिक गतिविधियों के माध्यम से विशेष रूप से पढ़ी-लिखी युवतियों से संपर्क स्थापित करता था। इसके बाद वह उन्हें अपने प्रभाव में लेकर कथित रूप से उनका शोषण करता था। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page