Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 25 जुलाई। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर युवाओं के हितों की रक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं भर्ती व्यवस्था में व्यापक सुधार तथा हालिया छात्र आंदोलन के दौरान हुई घटनाओं की निष्पक्ष जांच की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि देश का युवा शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता, प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता, भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और रोजगार के अवसरों को लेकर गंभीर चिंता में है। पार्टी ने लोकतांत्रिक व्यवस्था में छात्रों और युवाओं की आवाज को गंभीरता से सुनने तथा उनकी न्यायोचित मांगों पर संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेने की आवश्यकता पर बल दिया।

ज्ञापन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, छात्र आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले छात्रों के परिजनों को एक करोड़ की आर्थिक सहायता, संसद में पेपर लीक एवं छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई पर चर्चा कराने तथा आंदोलन में शामिल छात्रों के खिलाफ किसी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई न करने की मांग की गई। साथ ही शिक्षा माफिया एवं पेपर लीक गिरोहों के विरुद्ध कठोर और समयबद्ध कार्रवाई की भी मांग उठाई गई।पार्टी ने पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार, सादी वर्दी में मौजूद व्यक्तियों की पहचान सार्वजनिक करने, कथित रूप से एक्सपायर आँसू गैस के गोलों के प्रयोग, प्रदर्शन स्थल पर क्षतिग्रस्त वाहनों एवं अन्य घटनाओं की स्वतंत्र जांच कराने तथा भविष्य में सुरक्षा बलों की वर्दी पर स्पष्ट नेम प्लेट अनिवार्य किए जाने की मांग रखी। इसके अलावा NEET UG, JEE Main सहित सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शी एवं सुरक्षित परीक्षा प्रणाली लागू करने, परीक्षा शुल्क समाप्त करने, भर्ती प्रक्रिया समयबद्ध करने, वार्षिक भर्ती कैलेंडर जारी करने, नॉर्मलाइजेशन प्रणाली समाप्त करने तथा अभ्यर्थियों के प्राप्तांक सार्वजनिक करने जैसे सुझाव भी दिए गए।

इस अवसर पर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के जिलाध्यक्ष प्रकाश चंद्र गौतम के नेतृत्व में प्रदेश सचिव आदित्य प्रकाश वर्मा, जिला प्रभारी अरविंद सिंह, भीम काल (भारत एकता विभाग) के जिला अध्यक्ष आस मोहम्मद, जिला महासचिव तिलक जी, जिला प्रभारी बृजेश कुमार अहेरिया, विधानसभा अध्यक्ष मनोज कुमार, तहसील सहसंयोजक सुरेंद्र कुमार, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष कविता सिंह, महिला मोर्चा तहसील अध्यक्ष मुस्कान मलिक, जिला मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र सिंह, जिला सचिव जगप्रकाश सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। ज्ञापन पर जिलाध्यक्ष प्रकाश चंद्र गौतम सहित अन्य पदाधिकारियों के हस्ताक्षर भी रहे।

Next News :-सदर विधायक ने दिया पीड़ित परिवार को दी आर्थिक सहायता, डीएम व एसपी बोले शासन पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ है खड़ा

Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page