
हाथरस 13 अगस्त। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने नौ लोगों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र दिया है। आरोप है कि गांव के कुछ युवकों ने उसके 18 वर्षीय बेटे को करीब डेढ़ महीने तक जबरन शराब और गांजा पिलाकर उसके साथ गलत काम किया और उसका वीडियो भी बना लिया। मामले में एसपी के आदेश पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पिता के अनुसार, आरोपित कौशल, अमन, सचिन और रामबृज उसके बेटे को नशे का आदी बनाकर उसके साथ कथित रूप से गलत काम करते थे। आरोप है कि वीडियो बनाए जाने के कारण युवक डर और भय में रहने लगा। इसी मानसिक दबाव के चलते 10 मई को उसने घर में फांसी लगाने का प्रयास किया। पत्नी की सूचना पर परिजनों ने समय रहते उसे बचा लिया।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि 18 मई की रात करीब डेढ़ बजे जब परिवार शिकायत करने के लिए गया, तभी कौशल, अमन, सचिन, रामबृज, शनि, देवसिंह, कोमल, भोला और अरविंद घर में घुस आए। आरोप है कि सभी ने लाठी-डंडों से परिवार के साथ मारपीट की। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी पत्नी के साथ छेड़छाड़ की गई और उसके कपड़े फाड़ दिए गए। इस दौरान मोबाइल फोन भी लूट ले जाने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद वह थाने पहुंचा, लेकिन वहां केवल मेडिकल कराया गया और उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। एसपी के आदेश के बाद थाना हाथरस जंक्शन पुलिस ने मामले में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










