
हाथरस 11 सितम्बर। नवीन मंडी समिति में वेयर हाउस के किराये को लेकर विवाद सामने आया है। सीकनापान गली निवासी आढ़ती योगेंद्र कुमार वार्ष्णेय ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर उमेश गुप्ता, भगवानदास सहित अन्य लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। योगेंद्र कुमार वार्ष्णेय के अनुसार वह नवीन मंडी समिति में आढ़त का काम करते हैं। मई 2026 में उमेश गुप्ता के माध्यम से एफसीआई में गेहूं रखने के लिए एक वेयर हाउस किराये पर लिया था। आरोप है कि 27 से 29 मई के बीच वेयर हाउस खाली हो गया, लेकिन किराये का हिसाब नहीं किया गया। सात सितंबर को किराये का हिसाब मांगने पर मंडी स्थित दुकान पर गाली-गलौज किए जाने का आरोप है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आठ सितंबर को आरोपित उसके घर पहुंचे और उसकी पत्नी आशा, वृद्ध मां तथा भाई अमित के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने बताया कि धमकियों के चलते वह डर के कारण अपनी दुकान पर नहीं जा रहा है। घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी सामने आने की बात कही गई है। सीओ सिटी हिमांशु माथुर ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है और जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।







