
हाथरस 11 सितम्बर। जलेसर रोड पर शुक्रवार को सड़क पार कर रहे 75 वर्षीय वृद्ध को बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें आगरा रेफर कर दिया। बताया गया कि गांव लाड़पुर निवासी राजन लाल पुत्र पूरन सिंह गांव के पास जलेसर रोड पार कर रहे थे। इसी दौरान जलेसर की ओर से आ रहे बाइक सवार ने सड़क पर आए कुत्ते को बचाने का प्रयास किया। इस दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पार कर रहे राजन लाल से जा टकराई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया।







