
सिकन्दराराऊ (हसायन) 10 नवम्बर। विकासखंड क्षेत्र के कस्बा व देहात क्षेत्र में कार्तिक मास के द्वितीय पखवाडा शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को दीपोत्सव पर्व के चतुर्थ दिवस में घर घर में शाम होते ही भगवान श्री गिरिराज जी गोवर्धन महाराज की प्रतिमा की विधि विधान के साथ पूजा अर्चना की गई।मंगलवार को दिन छिपते ही सियारों की आवाज गूंजने से पहले ही श्रद्धालुओ ने घर घर में भगवान श्री गिरिराज जी गोवर्धन महाराज की प्रतिमा के पास के गाय के गोबर से तैयार किए गए उपले पर अग्नि प्रज्जवलित कर अग्यारी करते हुए अग्यारी पर लौंग का जोडा,देशी घी,बताशे,घूंघर सामिग्री के साथ अन्नकूट का प्रसाद आटे की आठ अठियावरी अर्पित कर पूजा अर्चना की गई।भक्त श्रद्धालुओ ने श्री गिरिराज जी महाराज गोवर्धन की प्रतिमा की परिक्रमा लगाकर चुन्न चुन्न चरणामृत देय मानसी गंगा हर हर दे,पूछरी के लौटा की जय,श्री गिरिराज जी महाराज,गोवर्धन महाराज,भगवान श्री कृष्ण के जयकारे लगाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।गोवर्धन पूजा के उपरांत आसमान में रंग बिरंगी रोशनी की आतिशबाजी तेज आवाज के पटाखे फुलझडी भी चलाई गई।





