Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 10 नवंबर । कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव नगला हीर में दिवाली पर पटाखे जलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद अगले दिन फिर भड़क गया। सोमवार को पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर ईंट-पत्थर और सरिया से हमला करने का आरोप लगाया है। घटना में पति-पत्नी समेत तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, गांव नगला हीर निवासी प्रशांत पुत्र हुकुम सिंह रविवार को दिवाली के दिन अपनी पत्नी राजवती के साथ घर के पास पटाखे जला रहे थे। आरोप है कि इस दौरान पड़ोसियों ने पटाखे जलाने का विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट हो गई। हालांकि, उस समय किसी तरह मामला शांत हो गया।

बताया गया है कि सोमवार को इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए। पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई और फिर गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। प्रशांत का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने ईंट-पत्थर और सरिया आदि से उन पर हमला कर दिया।

इस घटना में प्रशांत, उनकी पत्नी राजवती और पिता हुकुम सिंह घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page