Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ 05 नवंबर। हरियाणा के रेवाड़ी में बैंक काटकर चोरी करने के मामले में करीब दो साल से फरार चल रहे आरोपी को हरियाणा पुलिस ने नोएडा से गिरफ्तार कर लिया। बुधवार शाम पुलिस आरोपी को लेकर सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव नावली पहुंची। यहां आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए दो प्रिंटर बरामद किए गए। हरियाणा पुलिस की इस कार्रवाई से गांव और कस्बे में दिनभर चर्चा बनी रही। जानकारी के अनुसार, कुछ वर्ष पूर्व हरियाणा के रेवाड़ी क्षेत्र में चोरों ने एक बैंक को काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोर बैंक में रखे कंप्यूटर, प्रिंटर, लैपटॉप समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी कर ले गए थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने वारदात में शामिल कई आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव नावली निवासी करीब 45 वर्षीय ऊधो फरार चल रहा था। बताया गया है कि हरियाणा पुलिस को मुखबिर के माध्यम से आरोपी के नोएडा में मौजूद होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद बुधवार शाम करीब सात बजे हरियाणा पुलिस आरोपी को लेकर गांव नावली पहुंची। यहां उसकी निशानदेही पर चोरी के दो प्रिंटर बरामद किए गए। इनमें से एक प्रिंटर सिकंदराराऊ कस्बे में और दूसरा गांव नावली से बरामद हुआ।

पुलिस ने दोनों प्रिंटर अपने कब्जे में ले लिए और आरोपी को साथ लेकर हरियाणा रवाना हो गई। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर वारदात में शामिल अन्य लोगों तथा बैंक से चोरी किए गए शेष सामान के संबंध में जानकारी जुटा रही है। बरामद उपकरणों की बैंक से पहचान कराने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ अन्य आपराधिक मामलों में भी मुकदमे दर्ज हैं। हरियाणा पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और अन्य चोरी की घटनाओं में संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page