सादाबाद 05 नवंबर। नगर पंचायत की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। कस्बे के बरौलियान इलाके में पिछले चार दिनों से पाइपलाइन के जरिए घरों में बदबूदार, झागदार और गंदा पानी पहुंचने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि लोग इस पानी का इस्तेमाल घरेलू कार्यों के लिए नहीं कर पा रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, नगर पंचायत की पाइपलाइन से आने वाले पानी में तेज दुर्गंध और झाग दिखाई दे रहा है। लगातार चार दिनों से यही स्थिति बनी रहने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। पीने के पानी के अलावा खाना बनाने, बर्तन धोने और अन्य घरेलू जरूरतों के लिए भी लोगों को दूसरे स्थानों से पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है। लोग बता रहे हैं कि पिछले चार दिनों से नलों में लगातार बदबूदार और झागदार पानी आ रहा है। उन्होंने नगर पंचायत में शिकायत भी की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। मजबूरी में लोगों को आसपास के घरों में लगे समरसेबल पंपों से पानी भरकर अपनी जरूरतें पूरी करनी पड़ रही हैं। लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से पाइपलाइन की जांच कर गंदे पानी की आपूर्ति का कारण पता लगाने और जल्द स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है। नागरिकों ने दूषित पानी के इस्तेमाल से बीमारियां फैलने की आशंका भी जताई है। नगर पंचायत सादाबाद के जलकर इंचार्ज विदित यादव ने बताया कि पिछले दो दिनों से बिजली न रहने के कारण पानी की सप्लाई पूरी तरह नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि पंप के जरिए लाइन को सुखाया जाता है और लंबे समय तक पानी न चलने से पाइपलाइन में जंग की बदबू आने लगती है। लगातार पानी की सप्लाई शुरू होने पर यह समस्या खत्म हो जाएगी।







