सादाबाद 29 अक्टूबर । कोतवाली सादाबाद क्षेत्र के गांव कुरसंडा में दूध पीने के बाद दो माह की मासूम बच्ची की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जिला अस्पताल में चिकित्सक ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बाद में परिजन बच्ची का शव लेकर घर चले गए।
जानकारी के अनुसार, कुरसंडा निवासी नीरज की दो माह की बेटी दिव्या को बुधवार शाम उसकी मां ने दूध पिलाया था। दूध पीने के कुछ देर बाद ही बच्ची की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। यह देख परिजन घबरा गए और उसे तत्काल सादाबाद के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सक ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजन शव लेकर घर लौट गए। फिलहाल बच्ची की हालत अचानक बिगड़ने के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।





