सादाबाद 28 अक्टूबर। क्षेत्र के गांव मिढ़ावली में वित्तीय समावेशन एवं जागरूकता कैंप का आयोजन किया गया। क्रिस्टल फाउंडेशन की सीएफएल सासनी टीम द्वारा आयोजित इस कैंप में ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं, सरकारी योजनाओं और साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में भारतीय रिजर्व बैंक के एलडीओ संदीप मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों को वित्तीय रूप से जागरूक और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में आरबीआई के एलडीओ संदीप मिश्रा ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को बैंकिंग सेवाओं और सरकार द्वारा संचालित वित्तीय योजनाओं की जानकारी होना आवश्यक है। जागरूकता के अभाव में कई पात्र लोग योजनाओं का लाभ लेने से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने ग्रामीणों को सुरक्षित बैंकिंग लेनदेन और बचत के महत्व के बारे में बताया। कैंप में जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक राजीव कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और री-केवाईसी की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने ग्रामीणों को साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय बताते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति को बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी, एटीएम पिन अथवा पासवर्ड साझा न करें। संदिग्ध लिंक और फर्जी फोन कॉल से सावधान रहें। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। कार्यक्रम में सेंटर मैनेजर मधुबाला सहित क्रिस्टल फाउंडेशन के जनपद हाथरस का पूरा स्टाफ मौजूद रहा। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सरकारी वित्तीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और सुरक्षित डिजिटल लेनदेन अपनाने की अपील की।









