सादाबाद 28 अक्टूबर। आगरा-अलीगढ़ खंड स्नातक एमएलसी चुनाव की मतगणना संपन्न होने के बाद भाजपा के नवनिर्वाचित एमएलसी मानवेंद्र सिंह उर्फ गुरुजी का बुधवार को सादाबाद में जोरदार स्वागत किया गया। मतगणना स्थल से अलीगढ़ वापस लौटते समय नगर पंचायत अध्यक्ष कैंप कार्यालय पर भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका फूलमालाएं पहनाकर अभिनंदन किया। इस दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। सभी ने नवनिर्वाचित एमएलसी को जीत की बधाई देते हुए खुशी जाहिर की।
नगर पंचायत अध्यक्ष के कैंप कार्यालय पर मानवेंद्र सिंह गुरुजी के पहुंचते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने फूलमालाएं पहनाकर और मिठाई खिलाकर जीत की खुशी मनाई। इस दौरान भाजपा के समर्थन में नारे भी लगाए गए। समर्थकों ने कहा कि मानवेंद्र सिंह गुरुजी की जीत पार्टी संगठन और स्नातक मतदाताओं के विश्वास का परिणाम है। गुरुजी बोले- स्नातक मतदाताओं के विश्वास की जीत हुई। स्वागत समारोह के दौरान नवनिर्वाचित स्नातक एमएलसी मानवेंद्र सिंह उर्फ गुरुजी ने सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं है, बल्कि उन सभी स्नातक बंधुओं की जीत है, जिन्होंने उन पर विश्वास जताकर अपना समर्थन दिया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय स्नातक मतदाताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं को दिया। उन्होंने कहा कि स्नातक मतदाताओं के विश्वास और उम्मीदों पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता रहेगी। क्षेत्र के स्नातकों की समस्याओं और उनके हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का प्रयास करेंगे। इस मौके पर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष युगल किशोर अग्रवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राधारमन अग्रवाल, नगर मंडल अध्यक्ष अंकुश गॉड, डा. कमल उपाध्याय, रंजीत सिंह, चरण सिंह सागर, अनुपम गुप्ता, बबलू गौतम, अमित वर्मा, भूरा बघेल सहित अनेक प्रमुख लोग और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने नवनिर्वाचित एमएलसी को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।










