हाथरस 21 अक्टूबर । विकास खंड मुरसान के संविलियन विद्यालय कोरना में संकुल कोटा की संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी गिरिराज सिंह के निर्देशन में आयोजित इस प्रतियोगिता में 10 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दौरान नन्हे खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग के विद्यार्थियों के लिए खो-खो, कबड्डी, 50 मीटर, 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ के साथ लंबी कूद जैसी विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। खेल मैदान में बच्चों का उत्साह देखते ही बना। विद्यार्थियों ने अपनी गति, शारीरिक दक्षता और कौशल का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि विकसित करना, उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को बढ़ावा देना तथा अनुशासन, सहयोग, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास करना रहा। इस आयोजन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर मिला।
खंड शिक्षा अधिकारी गिरिराज सिंह के निर्देशन में आयोजित इस प्रतियोगिता को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया। खेलकूद गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने और टीम भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। आयोजन ने यह संदेश दिया कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि स्वस्थ शरीर, सशक्त व्यक्तित्व और उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला भी हैं। इस अवसर पर गौरव पचौरी, ब्लॉक पीटीआई जुगेंद्र सिंह, जितेंद्र शर्मा, नीरज कुमार, राकेश कुमार, शिखा वार्ष्णेय, सुनीता सिंह, सुगंध पाहवा सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।




