Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 09 अक्टूबर। कस्बे में स्वर्णकार एवं सर्राफा कारोबारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वर्णकार सर्राफा कमेटी के गठन और पदाधिकारियों के चुनाव को लेकर विचार-विमर्श किया गया। अध्यक्ष पद के लिए अमित गोयल, कन्हैया वर्मा, पप्पू वर्मा और दाऊदयाल अग्रवाल के नाम सामने आए। विचार-विमर्श के बाद सभी सदस्यों की सहमति से दाऊदयाल अग्रवाल सर्राफ को कमेटी का अध्यक्ष चुना गया। अध्यक्ष चुने जाने के बाद मौजूद स्वर्णकार एवं सर्राफ कारोबारियों ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया और शुभकामनाएं दीं। बैठक में कमेटी के गठन के साथ ही सर्राफा कारोबार को व्यवस्थित करने तथा व्यापारियों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में स्पष्ट किया गया कि गिरवी खाते में ग्राहक से संबंधित सामान का रिकॉर्ड अधिकतम तीन वर्ष तक मान्य रहेगा। इसके बाद संबंधित स्टॉक को मान्य नहीं माना जाएगा। सभी दुकानदारों से नियमों का पालन करने और कारोबार से संबंधित अभिलेखों को व्यवस्थित रखने पर जोर दिया गया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कमेटी की सदस्यता लेने वाले प्रत्येक दुकानदार को निर्धारित सदस्यता शुल्क जमा करना होगा। शुल्क जमा करने के बाद संबंधित सदस्य को उसकी रसीद भी उपलब्ध कराई जाएगी। निर्धारित शुल्क जमा नहीं करने वाले दुकानदार को कमेटी का सदस्य नहीं माना जाएगा। बैठक में मौजूद कारोबारियों ने कमेटी के नियमों का पालन करने और आपसी समन्वय बनाए रखने पर सहमति जताई। नवनिर्वाचित अध्यक्ष दाऊदयाल अग्रवाल ने सभी व्यापारियों का आभार जताते हुए कहा कि कमेटी के माध्यम से सर्राफा कारोबारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा और सभी सदस्यों के सहयोग से संगठन को मजबूत बनाया जाएगा। बैठक एवं चुनाव में धनंजय बंसल, कन्हैयालाल वर्मा, राकेश कुमार वर्मा, पप्पू वर्मा, धीरज वर्मा, अजीत वर्मा, मुकेश कुमार, सचिन वर्मा, अरुण बंसल, पवन बंसल, राजीव सिंगला, आदित्य गोयल, जुगनू गोयल, अंकित गोयल, हर स्वरूप वर्मा, विष्णु वर्मा, मनीष सोनी, सुनील गुप्ता सहित बड़ी संख्या में स्वर्णकार मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page