हाथरस 09 अक्टूबर। जनपद की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने, मार्गों की स्थिति सुधारने और यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने विकास भवन सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि सड़कों की मरम्मत, रखरखाव और नवीनीकरण के कार्य प्राथमिकता के आधार पर अभियान चलाकर पूरे कराए जाएं, ताकि आमजन को आवागमन में सुविधा मिले और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम हो। बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद की सड़कों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से मार्गवार जानकारी प्राप्त की। उन्होंने खराब और गड्ढायुक्त सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित कर उनकी तत्काल मरम्मत और पैचवर्क कराने के निर्देश दिए। साथ ही विशेष मरम्मत, नवीनीकरण और सड़क चौड़ीकरण से जुड़े कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे कराने को कहा। लंबित निर्माण कार्यों में तेजी लाने और उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाले मार्गों के साथ प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंचने वाली सड़कों की मरम्मत और रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे श्रद्धालुओं, यात्रियों और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़कों की गुणवत्ता में सुधार शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए सभी संबंधित अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता से करें। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई कराने और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम बनाए रखने के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने विभाग के स्वामित्व वाले मार्गों, निर्माणाधीन सड़कों, चौड़ीकरण, सौंदर्यीकरण, मरम्मत, पैचवर्क और नई सड़कों के निर्माण से संबंधित कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने जनपद में सड़कों की कुल लंबाई, पूरे हो चुके कार्यों और वर्तमान में संचालित परियोजनाओं की प्रगति से भी जिलाधिकारी को अवगत कराया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, प्रभारी अधिकारी राष्ट्रीय राजमार्ग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





