
हाथरस 30 सितम्बर। शहर के घास की मंडी क्षेत्र में मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घास की मंडी निवासी इंद्रा देवी पत्नी बनवारी लाल ने मुरसान गेट चौकी पर प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के अनुसार 29 सितंबर की रात उनका बड़ा बेटा मोनू घास की मंडी क्षेत्र में था। आरोप है कि इसी दौरान घास की मंडी निवासी गौरव पुत्र सुभाष चंद्र उसके साथ गाली-गलौज करने लगा। मोनू द्वारा गाली देने से मना करने पर गौरव ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इंद्रा देवी का आरोप है कि जब वह अपने बेटे को बचाने के लिए मौके पर पहुंचीं तो गौरव के साथ आवास विकास निवासी योगेश, पारस और उनके साथ मौजूद अन्य लोगों ने उनके साथ भी गाली-गलौज और हाथापाई शुरू कर दी। आरोप है कि सभी लोगों ने लात-घूंसों से मारपीट की और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता का कहना है कि उक्त लोगों द्वारा पूर्व में भी कई बार उनके परिवार के साथ झगड़ा किया जा चुका है और आए दिन विवाद करने का प्रयास किया जाता है। घटना के बाद उन्होंने मुरसान गेट चौकी पर पहुंचकर पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है और पुलिस द्वारा घटना से जुड़े तथ्यों एवं आरोपों की पड़ताल की जा रही है।









