हाथरस 30 सितम्बर। आवास विकास कॉलोनी निवासी दाऊदयाल शर्मा ने सदर कोतवाली में तहरीर देकर दुकानों पर अवैध कब्जा करने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने कन्हैया, गोपाल, इंद्रजीत और गोपाल के बेटों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कराया है। तहरीर के अनुसार दाऊदयाल शर्मा ने 18 अक्टूबर 2025 को बलदेव बिल्डिंग बस स्टैंड के पास सादाबाद रोड पर अपनी पत्नी मंजू लता के नाम तीन दुकानें और कुछ जगह खरीदी थी। पीड़ित का कहना है कि उक्त संपत्ति की रजिस्ट्री उनके पास मौजूद है। आरोप है कि तीन दुकानों में से दो दुकानों पर कन्हैया, गोपाल, इंद्रजीत और गोपाल के बेटों ने कब्जा कर रखा है। दाऊदयाल शर्मा का आरोप है कि जब वह आरोपितों से दुकानें खाली करने या किराया देने की बात कहते हैं तो उनके साथ गाली-गलौज की जाती है और जान से मारने की धमकी दी जाती है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि इस संपत्ति को लेकर उन्होंने अपर जिलाधिकारी न्यायालय में वाद भी दायर किया है, जो वर्तमान में विचाराधीन है। आरोप है कि इसी दौरान आरोपितों ने बिना अनुमति दोनों दुकानों के बीच बनी दीवार को तोड़ दिया और दोनों दुकानों को एक कर दिया। इसकी जानकारी होने पर दाऊदयाल शर्मा 28 सितंबर को मौके पर पहुंचे और इस पर विरोध जताया। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। भय के चलते वह मौके से लौट आए और सदर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पीड़ित ने पुलिस से मामले में आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर कन्हैया, गोपाल, इंद्रजीत और गोपाल के बेटों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।











