Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 23 सितम्बर। कोतवाली क्षेत्र के गांव उघई स्थित 33/11 केवी बिजलीघर में कुछ लोग जबरन घुस गए। आरोप है कि उन्होंने बिजली की कॉपर केबल काट ली और अपने साथ ले गए। जब बिजलीघर पर तैनात एसएसओ विनोद कुमार ने उन्हें रोका, तो उनके साथ मारपीट की गई और परिसर में तोड़फोड़ भी की। इस घटना के बाद एसएसओ ने सादाबाद कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस को दी शिकायत में विनोद कुमार ने बताया कि सोमवार रात करीब 8:15 बजे मांगरू गांव के कुछ लोग बिजलीघर में घुस आए थे। उन्होंने बिजली की केबल काटना शुरू कर दी। जब विनोद कुमार ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनसे मारपीट की। इसके बाद उन्होंने बिजलीघर परिसर में तोड़फोड़ की और कॉपर केबल काटकर अपने साथ ले गए। विनोद कुमार ने बताया कि आरोपियों के जाने के बाद उन्होंने जूनियर इंजीनियर दुष्यंत कुमार को घटना की जानकारी दी। उन्होंने अपने परिवार को भी फोन पर बताया। परिवार के लोग बिजलीघर पहुंचे और गांव में पूछताछ की। शिकायतकर्ता ने बताया कि पूछताछ में एक व्यक्ति और उसके साथ आए कई अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। इन पर घटना को अंजाम देने का आरोप है। शिकायत में यह भी बताया गया है कि आरोपी जाते समय एसएसओ को जान से मारने की धमकी दी। मंगलवार को पुलिस को शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page