
हाथरस 23 सितम्बर। जनपद के नवागत जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक श्री दाऊजी महाराज मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और जनपद की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। मंदिर के पुजारी ने जिलाधिकारी को मंदिर के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व, परंपराओं और मान्यताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पूजा-अर्चना के बाद जिलाधिकारी ने श्री दाऊजी महाराज मेला परिसर का भ्रमण कर श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मेला पंडाल का निरीक्षण करते हुए प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन और सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद उप जिलाधिकारी सदर से मेला परिसर में तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों, पुलिस बल की तैनाती और व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी व्यवस्थाएं प्रभावी और व्यवस्थित रूप से संचालित की जाएं। उन्होंने विशेष रूप से सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, प्रवेश-निकास और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के श्री दाऊजी महाराज मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें।







