
हाथरस 23 सितम्बर। मथुरा-बरेली हाईवे पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान बुधवार तड़के एक मजदूर यूपीसीडा के डंपर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि बिहार के अररिया जिले के थाना बसेलमी क्षेत्र निवासी रोहित कुमार सलेमपुर के निकट मथुरा-बरेली हाईवे के निर्माण कार्य में लगा हुआ था। वर्तमान में वह अपने परिवार के साथ सलेमपुर के पास ही रह रहा था। बुधवार तड़के वह रोजाना की तरह सड़क पर निर्माण कार्य कर रहा था। इसी दौरान वह यूपीसीडा के डंपर की चपेट में आ गया। हादसे के बाद मौके पर निर्माण कार्य में लगे अन्य कर्मचारियों की भीड़ एकत्रित हो गई। गंभीर हालत में रोहित कुमार को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद परिजन शव को लेकर बिहार के लिए रवाना हो गए। बताया गया कि मृतक रोहित कुमार अविवाहित था।







