
हाथरस 23 सितम्बर । नवागत जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने जनता दर्शन के उपरांत कलेक्ट्रेट परिसर में संचालित विभिन्न विभागों एवं राजस्व से संबंधित पटल और सहायक कक्षों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से उनके कार्य एवं दायित्वों की जानकारी लेते हुए जिम्मेदारी, ईमानदारी और समयबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आयुध अनुज्ञा एवं अभिलेख कक्ष, आंग्ल अभिलेखागार कक्ष, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय, नाजिर कक्ष, आईजीआरएस कक्ष, राजस्व अभिलेखागार कक्ष, जिला पूर्ति कार्यालय, संयुक्त कार्यालय और जिला कोषागार कार्यालय सहित विभिन्न कार्यालयों एवं पटल कक्षों का निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और पटल सहायकों से परिचय प्राप्त करने के साथ उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कार्यालयी कार्यों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए और किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित होकर अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े कार्यों एवं शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता बरतते हुए प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी अपने पदेन दायित्वों के प्रति उत्तरदायी है। शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, जवाबदेह और समयबद्ध कार्यप्रणाली सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है।










