
सिकन्दराराऊ 22 सितम्बर। सिकन्दराराऊ क्षेत्र के चमरौली गांव की एक विवाहिता ने अपने पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और अवैध संबंधों का आरोप लगाया है। पीड़िता ने महिला थाना में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। चमरौली निवासी मधु पुत्री संजय कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 13 फरवरी को अलीगढ़ के बन्नादेवी थाना क्षेत्र के आईटीआई रोड स्थित मोहल्ला हरिविलास नगर निवासी करन चौहान के साथ हुई थी। पीड़िता के अनुसार, शादी में उसके पिता ने करीब 10 लाख रुपये खर्च किए थे। इसमें पांच लाख रुपये नकद तथा पांच लाख रुपये दावत और घरेलू सामान पर खर्च किए गए। इसके अलावा सोने की चेन, अंगूठी और सास के लिए सोने-चांदी के पांच आभूषण भी दिए गए थे।
मधु का आरोप है कि शादी बिचौलिया सुभाष द्वारा गलत जानकारी देकर कराई गई। विवाह के बाद पति सट्टा खेलने और शराब पीने का आदी है तथा शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता है। आरोप है कि पति की ओर से दहेज में स्विफ्ट डिजायर कार की मांग की जाती रही। मांग पूरी करने से इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की गई। पीड़िता ने पति पर तुरुकमान गेट निवासी मुस्कान नाम की युवती से अवैध संबंध होने का भी आरोप लगाया है। मधु के अनुसार, जब उसने इसका विरोध किया तो पति अन्य लोगों को शराब पिलाने के बहाने घर पर बुलाकर उसे परेशान करता था। आरोप है कि पति करन चौहान, ननद और ननदोई ने उसके साथ मारपीट कर उसे घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता ने मामले में कार्रवाई की मांग की है। महिला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और लगाए गए आरोपों की सत्यता जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।





