
हाथरस 22 सितम्बर। हाथरस गेट थाना क्षेत्र के गांव लहरा में शराब के नशे में तीन युवकों द्वारा पैसे मांगने और मना करने पर युवक व उसकी मां के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित अखिलेश लवानियां ने थाना हाथरस गेट में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों आरोपितों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया है। गांव लहरा निवासी अखिलेश लवानियां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 13 सितंबर की शाम गांव के ही निशांत उपाध्याय, प्रशांत उपाध्याय और गगन शराब के नशे में उसके पास आए और उससे पैसे मांगने लगे। जब उसने पैसे देने से इनकार किया तो तीनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। अखिलेश के मुताबिक, मारपीट के दौरान शोर सुनकर उसकी मां निर्मला देवी उसे बचाने के लिए मौके पर पहुंचीं। आरोप है कि तीनों युवकों ने उनके साथ भी मारपीट की। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए। पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद उसका और उसकी मां का मेडिकल परीक्षण कराया जा चुका है। उसका कहना है कि घटना वाले दिन जल्दबाजी में घर जाने के कारण वह समय पर थाने में तहरीर नहीं दे सका। अब उसने थाना हाथरस गेट के थानाध्यक्ष को लिखित शिकायत देकर आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।





