Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 22 सितम्बर। तालाब चौराहा स्थित कंपोजिट वाइन शॉप पर दुकान बंद करने के समय शराब देने से मना करना सेल्समैन को भारी पड़ गया। आरोप है कि आधा दर्जन युवकों ने सेल्समैन को दुकान से बाहर खींचकर उसके साथ मारपीट की और कड़े से सिर पर वार कर घायल कर दिया। घटना के बाद मौके पर भीड़ जुट गई और एक हमलावर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। घायल सेल्समैन ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मैनपुरी जिले के करहल थाना क्षेत्र के नगला प्रेमी निवासी बृज किशोर यादव वर्तमान में तालाब चौराहे के निकट स्थित कंपोजिट वाइन शॉप पर सेल्समैन के रूप में काम करता है। पुलिस को दी तहरीर में उसने बताया कि 21 सितंबर की रात करीब 9:55 बजे दुकान बंद करने का समय हो चुका था। इसी दौरान तीन युवक शराब लेने के लिए दुकान पर पहुंचे। सेल्समैन ने दुकान बंद होने की बात कहते हुए शराब देने से इनकार कर दिया। आरोप है कि शराब देने से मना करने पर तीनों युवकों ने अचानक सेल्समैन पर हमला कर दिया। आरोपित उसे दुकान से बाहर खींच लाए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक युवक ने हाथ में पहने कड़े से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और वह घायल हो गया। आरोप है कि हमलावरों ने धमकी देते हुए कहा कि उसे आज जिंदा नहीं छोड़ेंगे।

तहरीर के अनुसार, इसके बाद आरोपितों ने फोन कर अपने तीन अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के दुकानदार और बाजार के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। भीड़ ने घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए युवक ने अपना नाम तरुण प्रताप सिंह पुत्र संतोष निवासी नवल नगर, थाना हाथरस गेट बताया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने फरार साथियों के नाम मुकुल और देव बताए हैं। घायल सेल्समैन ने कोतवाली पहुंचकर लिखित तहरीर दी। पुलिस ने घायल का मेडिकल परीक्षण कराया है। मामले की जांच की जा रही है और फरार आरोपितों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page