
सासनी 22 सितम्बर। सासनी क्षेत्र की एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर अतिरिक्त दहेज में 50 हजार रुपये और मोटरसाइकिल की मांग पूरी न होने पर मारपीट करने और मासूम बेटी समेत घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता हिना ने महिला थाना हाथरस में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर लिया है। बाग रामनगर रोड, सासनी निवासी हिना पुत्री बहोरन खां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका निकाह 29 सितंबर 2019 को मुस्लिम रीति-रिवाज से आगरा जिले के अछनेरा थाना क्षेत्र के सानन गांव निवासी जिले खां पुत्र गुटई खां के साथ हुआ था। पीड़िता के मुताबिक, निकाह में उसके पिता ने करीब पांच लाख रुपये खर्च किए थे। इसमें डबल बेड, सोफा सेट, फ्रिज, अलमारी, सोने-चांदी के जेवरात, बर्तन समेत अन्य घरेलू सामान दिया गया था। हिना का आरोप है कि पति जिले खां, सास, ननद और जेठ दिए गए दहेज से संतुष्ट नहीं थे और शादी के बाद से ही अतिरिक्त दहेज में 50 हजार रुपये और एक मोटरसाइकिल की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसे कम दहेज लाने के ताने दिए जाते और उसके साथ मारपीट की जाती थी। इसी दौरान हिना ने बेटी रोशनी को जन्म दिया तो ससुराल पक्ष के लोग बेटे के जन्म न होने को लेकर भी उसे ताने देने लगे। पीड़िता के अनुसार, बेटी के जन्म पर उसके मायके वालों ने करीब 20 हजार रुपये का सामान भी दिया था।
पीड़िता ने पति पर अप्राकृतिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालने का भी आरोप लगाया है। हिना के अनुसार, 10 जुलाई 2022 को ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट की। जानकारी मिलने पर उसके पिता बहोरन, भाई सद्दाम और बहन मधु समझाने के लिए पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि घटना में बहन के सिर और पिता के कान में चोट आई थी। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में समझौता होने पर मामला शांत हो गया था। हिना का आरोप है कि इसके बावजूद 28 अप्रैल 2025 को ससुरालियों ने एक बार फिर उसके साथ मारपीट की और दोपहर करीब 12:30 बजे बोलेरो से उसे उसकी मासूम बेटी समेत सासनी स्थित मायके में छोड़ गए। आरोप है कि उसे केवल पहने हुए कपड़ों में ही घर से निकाला गया और कहा गया कि जब तक 50 हजार रुपये और मोटरसाइकिल नहीं दी जाएगी, तब तक उसे ससुराल में नहीं रखा जाएगा और उसका स्त्रीधन भी नहीं दिया जाएगा। पीड़िता ने महिला थाना पुलिस से मामले में कार्रवाई करते हुए उसे न्याय दिलाने और उसका स्त्रीधन वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।





