हाथरस 21 सितम्बर। पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, टुकसान में आज ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ थीम पर आधारित कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. रन सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. ब्रज भूषण ने व्यवस्थाओं का समन्वय किया, जबकि मंच का संचालन श्री अजय कुमार ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला सहकारी बैंक के उपाध्यक्ष एवं भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष रामकुमार वर्मा रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में संगीला के ग्राम प्रधान रूपेश सिंह, सेवानिवृत्त सूबेदार महीपाल सिंह, वरिष्ठ समाजसेवी जितेन्द्र पाठक तथा विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष सुनील कुमार मौजूद रहे। ‘मेरे सपनों का भारत’ की परिकल्पना को विद्यार्थियों की रचनात्मकता, अभिव्यक्ति एवं बौद्धिक क्षमता से जोड़ते हुए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। चित्रकला प्रतियोगिता में कक्षा 9 ‘ए’ की छात्रा अलीसा, भाषण प्रतियोगिता में कक्षा 11 ‘बी’ की छात्रा वंदना तथा उत्तर प्रदेश सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में कक्षा 12 ‘बी’ की छात्रा काजल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर श्रीमती मीनू पाठक, संजीव कुमार, अविनाश यादव, सत्यवीर सिंह, अजय कुमार सिंह, धर्मेन्द्र शर्मा, जितेन्द्र सिंह जादौन, डॉ. ब्रज भूषण, प्रीति, हरिशंकर सहित विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।











