
हाथरस 21 सितम्बर। भारतीय किसान यूनियन भानू के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर योगेश प्रताप सिंह के निर्देशन में उत्तर प्रदेश के सभी जिलाध्यक्षों द्वारा किसानों एवं आम जनता की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इसी क्रम में हाथरस में जिला अध्यक्ष ठाकुर आशीष सिंह के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। ज्ञापन में किसान आयोग के गठन, प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने, किसानों की फसलों का उचित मूल्य दिलाने, डीजल-पेट्रोल एवं बिजली की दरों में राहत देने, शिक्षा एवं चिकित्सा व्यवस्था में सुधार, भ्रष्टाचार पर कठोर कार्रवाई तथा टोल टैक्स समाप्त करने सहित विभिन्न मांगें रखी गईं। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि किसान और आम जनता लंबे समय से विभिन्न समस्याओं का सामना कर रहे हैं, इसलिए सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करनी चाहिए। भारतीय किसान यूनियन भानू ने केंद्र सरकार से किसानों की समस्याओं और मांगों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने की अपील की। पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य, खेती के लिए आवश्यक संसाधनों में राहत तथा बेहतर शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश अध्यक्ष व्यापार प्रकोष्ठ कृष्ण कान्त रावत, प्रदेश महासचिव के.के. शर्मा, राष्ट्रीय सचिव राम जादोन, प्रदेश महासचिव संकेत उपाध्याय, संगठन मंत्री सतेन्द्र सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह, मंडल उपाध्यक्ष जगदीश शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष हरेंद्र यादव, जिला उपाध्यक्ष हेमन्त प्रताप सिंह, मंडल मंत्री हिमांशु पंडित, जिला सचिव लोकेन्द्र शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष आनन्द बाल्मीकि सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।










