
हाथरस 19 सितम्बर। हाथरस जंक्शन क्षेत्र के एंहन गांव के मजरा छोटा लाडपुर में सांप के बार-बार डसने से एक परिवार दहशत में है। यहां 17 वर्षीय बीएससी की छात्रा को पिछले करीब डेढ़ महीने में सात बार सांप डस चुका है। हैरानी की बात यह है कि पिछले तीन दिनों के दौरान ही किशोरी को तीन बार सांप ने डसा, जिसके बाद परिवार के लोगों की चिंता और बढ़ गई है। शनिवार सुबह बाथरूम में सांप के डसने के बाद परिजन किशोरी को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है। बताया गया कि एंहन गांव के मजरा छोटा लाडपुर निवासी कोमल प्रसाद की 17 वर्षीय पुत्री अनीता हाथरस के एक कॉलेज में बीएससी की छात्रा है। परिजनों के अनुसार करीब डेढ़ महीने से किशोरी को बार-बार सांप डस रहा है। पिता के मुताबिक दो दिन पहले भी सांप ने अनीता को डस लिया था। हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ रेफर कर दिया था। अलीगढ़ में उपचार के बाद जब उसकी हालत में सुधार हुआ तो परिजन उसे वापस घर ले आए, लेकिन अगले ही दिन उसे फिर सांप ने डस लिया।
परिवार के मुताबिक शनिवार सुबह अनीता बाथरूम में गई थी, तभी एक बार फिर सांप ने उसे डस लिया। इसके बाद परिजन घबराकर उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों का कहना है कि पिछले तीन दिनों में एक ही सांप द्वारा किशोरी को तीन बार डसे जाने की घटना सामने आई है। लगातार हो रही घटनाओं के चलते परिवार के लोग बेहद परेशान और भयभीत हैं। सांप को पकड़ने के लिए सर्प मित्रों को भी बुलाया गया, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद सांप को पकड़ा नहीं जा सका। किशोरी को बार-बार सांप के डसने की घटना की जानकारी गांव में फैलने के बाद यह मामला ग्रामीणों के बीच भी चर्चा का विषय बना हुआ है। परिवार के लोग सांप को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं, ताकि किशोरी और परिवार के अन्य सदस्यों को खतरे से बचाया जा सके। फिलहाल जिला अस्पताल में भर्ती अनीता की हालत में सुधार बताया जा रहा है और चिकित्सक उसकी निगरानी में उपचार कर रहे हैं।








