Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ 13 सितम्बर। सराय उम्दा बेगम मोहल्ले में रविवार दोपहर कूड़ा डालने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। आमने-सामने रहने वाले दोनों परिवारों के बीच शुरू हुई मामूली कहासुनी कुछ ही देर में मारपीट तक पहुंच गई। विवाद बढ़ने पर मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बताया गया है कि शुरुआत में कूड़ा डालने को लेकर दोनों पक्षों में बहस हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से लोग एक-दूसरे से भिड़ने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन कुछ देर बाद फिर कहासुनी शुरू हो गई। लगातार बढ़ते विवाद के बीच दोनों पक्ष मारपीट पर उतारू हो गए। मामला बिगड़ता देख मोहल्ले के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कस्बा इंचार्ज रामनरेश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने विवाद में शामिल करीब चार से पांच युवकों को हिरासत में लेकर सिकंदराराऊ कोतवाली पहुंचाया। कोतवाली पहुंचने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों से घटना के संबंध में पूछताछ की। कोतवाली प्रभारी शिवकुमार शर्मा ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने के बाद जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद कुछ समय तक मोहल्ले में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page