Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 09 सितम्बर। कस्बे के श्रीराम मंदिर में बुधवार शाम श्री रामलीला समिति का वार्षिक चुनाव शांतिपूर्ण हुआ। इसमें नगर के गणमान्य लोग और समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे। चुनाव से पहले वर्तमान अध्यक्ष गुन्नू कौशिक ने अपने कार्यकाल का हिसाब-किताब पेश किया। उनके काम की लोगों ने तारीफ की और उन्हें सम्मानित भी किया। अध्यक्ष पद के लिए प्रगति पुरम निवासी आदित्य रावत का नाम प्रस्तावित किया गया। इसके अलावा किसी अन्य नाम का प्रस्ताव सामने नहीं आया। इस वजह से आदित्य रावत को श्री रामलीला समिति का निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिया गया। चुने जाने के बाद लोगों ने उन्हें बधाई दी और उम्मीद जताई कि वे समिति के कार्यक्रमों को अच्छे से चलाएंगे। चुनाव प्रक्रिया पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र पाराशर, डॉ. यतेंद्र शर्मा, भाजपा नेता धर्मेंद्र गौतम, सोनू पाराशर, टीटी गौतम और अवधेश गहलोत की मौजूदगी में पूरी हुई। इस दौरान समिति से जुड़े कई युवा और नगर के प्रमुख लोग भी वहां मौजूद थे। बैठक में आने वाले दशहरा पर्व पर रावण दहन के स्थल को लेकर भी बात हुई। पदाधिकारियों ने बताया कि जिस जगह हर साल रावण का पुतला जलाया जाता है, वह निजी जमीन है। पिछले साल भी रावण दहन से पहले जमीन मालिक और समिति के बीच विवाद हो गया था। इसलिए इस बार दहन स्थल के लिए पहले से ही पक्की व्यवस्था करने पर जोर दिया गया। बैठक में यह मुद्दा भी उठा कि अध्यक्ष चुने जाने के बाद कई बार उन्हें पूरा सहयोग नहीं मिल पाता है। मौजूद लोगों ने कहा कि अगर समिति के सभी सदस्य और नगर के लोग अध्यक्ष के साथ मिलकर काम करें, तो साल भर होने वाले धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को और बेहतर बनाया जा सकता है। नए अध्यक्ष आदित्य रावत ने सभी के सहयोग से समिति के कामों को आगे बढ़ाने की बात कही। नए अध्यक्ष का प्रतीक चिन्ह और पटका पहनाकर स्वागत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page