Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 09 सितम्बर। पुलिस अधीक्षक की पहल ‘पंख स्नेल लेटर राइटिंग’ के तहत आज थाना हाथरस गेट क्षेत्र स्थित राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में प्रेरक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसपी ने छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें कागज और कलम के माध्यम से अपने विचार, भावनाएं, सपने और कल्पनाओं को अभिव्यक्त करने के लिए प्रेरित किया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि डिजिटल युग में बढ़ते स्क्रीन टाइम के बीच पत्र लेखन बच्चों को मोबाइल और सोशल मीडिया से अलग रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। नियमित लेखन से भाषा एवं अभिव्यक्ति क्षमता मजबूत होने के साथ-साथ आत्मविश्वास, संवेदनशीलता और व्यक्तित्व का भी विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रतिदिन कुछ समय लेखन के लिए निर्धारित करने का आह्वान किया।

‘पंख स्नेल लेटर राइटिंग’ पहल का उद्देश्य बच्चों में पत्र लेखन की परंपरा को पुनर्जीवित करना, रचनात्मक सोच को बढ़ावा देना तथा उन्हें अपने मन की बात स्वतंत्र रूप से व्यक्त करने के लिए सकारात्मक मंच उपलब्ध कराना है। इसके तहत विद्यार्थियों को अपने अनुभव, सीख, सपने और विचार कागज पर उतारने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर पत्र एवं लेख लिखकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। उन्हें भारतीय जीवन मूल्यों एवं राष्ट्रीय गौरव, दादा-दादी व नाना-नानी से भावनात्मक जुड़ाव, मेरे सपने-मेरा भविष्य, शिक्षा एवं जीवन निर्माण, ‘स्क्रीन टाइम से स्मार्ट टाइम’, खेल-किताबें एवं प्रकृति का महत्व, समय प्रबंधन, छोटी बचत, अनुशासन, जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण में बच्चों की भूमिका जैसे विषयों पर लेखन के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में एसपी ने कहा कि लेखन केवल शब्दों का अभ्यास नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम है। ‘पंख स्नेल लेटर राइटिंग’ के माध्यम से नई पीढ़ी को पत्र लेखन की समृद्ध परंपरा से जोड़ते हुए उनके विचारों और सपनों को नई उड़ान देने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page