सिकन्दराराऊ (हसायन) 01 सितम्बर। जनपद में H1N1 (इन्फ्लुएंजा-ए) एवं सीजनल इन्फ्लुएंजा से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों को साफ-सफाई, हाथों की स्वच्छता और संक्रमण से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दे रहा है। वहीं दूसरी ओर हसायन कस्बे के नगला रति मार्ग स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्वास्थ्य केंद्र परिसर में जगह-जगह कूड़ा-कचरा और गंदगी के ढेर दिखाई देने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि CHC परिसर के अंदर और बाहर नियमित सफाई व्यवस्था ठीक नहीं है। कई स्थानों पर कचरा और मेडिसिन वेस्टेज पड़ा हुआ दिखाई देता है। इसके अलावा परिसर में जगह-जगह बड़ी-बड़ी घास और झाड़ियां भी खड़ी हैं। वार्डों की सफाई व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ऐसे समय में जब वायरल फीवर, सर्दी-जुकाम, बुखार और मलेरिया जैसी बीमारियों से बचाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहा है, स्वास्थ्य केंद्र परिसर में गंदगी का यह आलम विभागीय व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहा है।
एडवाइजरी में स्वच्छता पर जोर, CHC में गंदगी क्यों?
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जनसामान्य को H1N1 एवं सीजनल इन्फ्लुएंजा से घबराने के बजाय सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। लोगों से साफ-सफाई रखने, नियमित रूप से हाथ धोने, खांसते और छींकते समय मुंह ढकने, आवश्यक दूरी बनाए रखने तथा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय से चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की गई है। ऐसे में सवाल यह उठ रहा है कि जब विभाग खुद संक्रमण से बचाव के लिए स्वच्छता को अहम बता रहा है, तो उसके ही एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सफाई व्यवस्था दुरुस्त क्यों नहीं है।
CHC प्रभारी बोले- धीरे-धीरे कराई जा रही है सफाई
मामले को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हसायन के चिकित्सा प्रभारी डॉ. वरुण चौधरी से जानकारी ली गई। उन्होंने बताया कि सफाई कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि धीरे-धीरे सफाई का कार्य कराया जा रहा है और इन कार्यों में समय लगता है। अब देखना यह होगा कि स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारी CHC परिसर में दिखाई दे रही गंदगी, कचरे और झाड़ियों की समस्या को लेकर कितनी गंभीरता दिखाते हैं और सफाई व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त कराने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं। जनहित का सवाल: जब स्वास्थ्य विभाग बीमारी और संक्रमण से बचाव के लिए आमजन को स्वच्छता का संदेश दे रहा है, तो स्वास्थ्य केंद्र परिसर की साफ-सफाई को प्राथमिकता देकर मरीजों और तीमारदारों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना विभाग की पहली जिम्मेदारी क्यों नहीं होनी चाहिए?











