
हाथरस 01 सितम्बर। शासन द्वारा संचालित आईजीआरएस जनसुनवाई-समाधान पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में हाथरस पुलिस ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। अगस्त 2026 में प्राप्त पीजी संदर्भ, मुख्यमंत्री संदर्भ, ऑनलाइन शिकायतों एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से संबंधित शिकायतों का निर्धारित समयावधि में प्रभावी निस्तारण कर उनकी आख्या पोर्टल पर अपलोड किए जाने के परिणामस्वरूप जनपद हाथरस को उत्तर प्रदेश में नंबर-1 रैंक हासिल हुई है। पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा एवं अपर पुलिस अधीक्षक रामानन्द कुशवाहा, नोडल अधिकारी आईजीआरएस, द्वारा सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों को आईजीआरएस संदर्भों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। साथ ही अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा थानों पर आने वाली शिकायतों का भी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए थे।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के तहत क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी शिकायतों के निस्तारण के लिए मौके पर पहुंचकर कार्रवाई कर रहे थे। प्रत्येक शिकायत के निस्तारण की फोटो लोकेशन सहित उपलब्ध कराई गई, जिससे शिकायतों के निस्तारण की वास्तविकता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके। इस पूरी प्रक्रिया की नियमित निगरानी भी वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की गई। शिकायतों के निस्तारण में आईजीआरएस फीडबैक सेल की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। फीडबैक सेल द्वारा शिकायतकर्ताओं से सीधे फोन कॉल अथवा ऑनलाइन माध्यम से संपर्क कर यह जानकारी ली गई कि उनकी शिकायत का निस्तारण संतोषजनक ढंग से हुआ है या नहीं। प्राप्त फीडबैक का अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर आवश्यकतानुसार सुधारात्मक कार्रवाई भी कराई गई। पुलिस विभाग के अनुसार, जनपद हाथरस के सभी थानों ने भी शिकायतों के प्रभावी निस्तारण के आधार पर प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है और निरंतर नंबर-1 बने हुए हैं। इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक ने आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में सराहनीय कार्य करने वाले सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रशंसा की तथा भविष्य में भी शिकायतों का इसी तरह त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के लिए प्रेरित किया।











