मथुरा 01 सितम्बर। राजीव इंटरनेशनल में आयोजित तीसरी इंटर स्कूल अंडर-14 बैडमिंटन प्रतियोगिता में जनपद के प्रतिष्ठित स्कूलों के होनहार छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, गजब की फुर्ती और खेलभावना का परिचय देते हुए न केवल खिताब बल्कि दर्शकों के दिल भी जीत लिए। प्रतियोगिता का पारितोषिक वितरण आरआईएस की प्रिंसिपल नंदिता ढींगरा ने किया। राजीव इंटरनेशनल स्कूल द्वारा आयोजित तीसरी इंटर स्कूल अंडर-14 बैडमिंटन प्रतियोगिता में मथुरा जनपद के 10 स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग करते हुए अपनी बेहतरीन सर्विस, स्मैश और नेट गेम से विरोधियों को कड़ी टक्कर दी। प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में राजीव इंटरनेशनल स्कूल की मिस्टी, प्रांजलि एवं दिव्यांशी तथा बालक वर्ग में आर्मी पब्लिक स्कूल के विनय कुमार यादव, देवांश राठी एवं वेदांश सिंह ने विजेता ट्रॉफी जीती। आर्मी पब्लिक स्कूल को बेहतरीन प्रदर्शन के लिए ओवरऑल चैम्पियन ट्रॉफी प्रदान की गई। बालक वर्ग में सेठ आनंदी राम जयपुरिया के आशीष, दिव्यन एवं नवनीत रनर अप एवं माउंट हिल एकेडमी के चमन, माधव एवं ओमवीर द्वितीय रनरअप रहे। गर्ल्स में आर्मी पब्लिक स्कूल की अन्वी सारस्वत, अक्षरा सिंह एवं याचना कुमारी प्रथम रनरअप एवं कान्हा माखन स्कूल के मेन ब्रांच की विदुषी खंडेलवाल, तन्वी एवं नैंसी द्वितीय रनरअप रहीं। सभी विजेता-उपविजेता छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि नंदिता ढींगरा ने ट्रॉफी, मेडल एवं सर्टिफिकेट प्रदान कर सम्मानित किया।
प्रिंसिपल नंदिता ढींगरा ने अपने सम्बोधन में कहा कि इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य छात्र-छात्राओं के भीतर छुपी खेल प्रतिभा को बाहर लाना और उन्हें शारीरिक रूप से फिट रहने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि मेहनत करने वालों की हार नहीं होती। बड़ा सपना देखो और उसे हासिल करने के लिए तन-मन से मेहनत करो। श्रीमती ढींगरा ने कहा कि देश के लिए मेडल जीतने से बड़ा शायद ही दुनिया में कोई और सुकून हो। आरके एज्यूकेशनल ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि जीत-हार खेल का हिस्सा है। जो बच्चा अनुशासन में रहते हुए निरंतर अभ्यास करेगा उसे सफलता जरूर मिलेगी। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि आज खेलों में भी शानदार करियर है। दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी पुलेला गोपीचंद के प्रयासों से आज भारत इस खेल की बड़ी ताकत है। स्कूल के चेयरमैन मनोज अग्रवाल ने विजेता छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि हमें किसी भी लक्ष्य को छोटा नहीं समझना चाहिए। उसे पाने के लिए पूरी लगन, मेहनत और अनुशासन के साथ प्रयास करना चाहिए। श्री अग्रवाल ने होनहार बैडमिंटन खिलाड़ियों का आह्वान किया कि वे दिग्गज खिलाड़ियों प्रकाश पादुकोण, पुलेला गोपीचंद, लक्ष वर्मा, साइना नेहवाल, पीवी सिंधू आदि को अपना आदर्श मानकर निरंतर अभ्यास करें तथा इस खेल में देश का गौरव बढ़ाएं।











