Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 31 अगस्त। वर्तमान समय में H1N1 (इन्फ्लुएंजा-ए) एवं सीजनल इन्फ्लुएंजा संक्रमण के दृष्टिगत स्वास्थ्य विभाग ने जनपदवासियों से आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इन्फ्लुएंजा संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने अथवा बातचीत के दौरान निकलने वाली सांस की बूंदों से फैल सकता है। संक्रमण के प्रमुख लक्षणों में बुखार, खांसी, नाक बहना, गले में खराश, सिरदर्द, शरीर में दर्द, ठंड लगना और आंखों में लालिमा शामिल हो सकते हैं। विभाग ने लोगों से अपील की है कि ऐसे लक्षण दिखाई देने पर घबराएं नहीं और स्वयं से दवा लेने के बजाय चिकित्सकीय परामर्श लें। हल्का बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना या शरीर में दर्द जैसे लक्षण होने पर इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज न करें और घर पर रहकर संक्रमण फैलने से बचाएं। स्वास्थ्य विभाग ने गर्भवती महिलाओं, 65 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्गों, पहले से किसी बीमारी से पीड़ित छोटे बच्चों तथा फेफड़े, हृदय, लीवर या गुर्दे की बीमारी, मधुमेह, कैंसर, रक्त संबंधी विकार, HIV/AIDS, कम रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले और लंबे समय से स्टेरॉयड या कॉर्टिकोस्टेरॉयड लेने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। बुखार-खांसी के साथ सांस लेने में परेशानी या सांस फूलना, सीने में दर्द, अत्यधिक नींद या सुस्ती, रक्त मिला बलगम, रक्तचाप कम होना, होंठ या नाखून नीले पड़ना अथवा पहले से चली आ रही बीमारी के बढ़ने जैसे गंभीर लक्षण दिखाई देने पर मरीज को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय, हाथरस ले जाने की सलाह दी गई है। बच्चों में लगातार तेज बुखार, अत्यधिक नींद, खाना न खा पाना, झटके आना, तेज सांस चलना या सांस लेने में कठिनाई होने पर भी तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेने को कहा गया है। संक्रमण से बचाव के लिए खांसते और छींकते समय मुंह-नाक ढकने, नियमित रूप से साबुन-पानी से हाथ धोने, फ्लू जैसे लक्षण वाले व्यक्ति से अनावश्यक निकट संपर्क से बचने, लक्षण होने पर घर में रहने और बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं व गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों के संपर्क से बचने की सलाह दी गई है। ILI या फ्लू जैसे लक्षण वाले लोगों को लक्षण समाप्त होने तक मास्क का प्रयोग करने तथा बीमारी की आशंका होने पर भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचने को कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी मरीजों को एंटी-वायरल दवा की आवश्यकता नहीं होती। Oseltamivir जैसी एंटी-वायरल दवा चिकित्सक की सलाह के अनुसार ही ली जाए और स्वयं से दवा शुरू न की जाए। विभाग ने जनपदवासियों से अपील की है कि H1N1 और सीजनल इन्फ्लुएंजा से घबराने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि साफ-सफाई, हाथों की स्वच्छता, खांसते-छींकते समय मुंह ढकने, उचित दूरी बनाए रखने और लक्षण होने पर समय से चिकित्सकीय सलाह लेने पर विशेष ध्यान दें। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि लक्षणों को नजरअंदाज न करें, समय पर जांच एवं उपचार कराएं और संक्रमण को फैलने से रोकने में सहयोग करें। किसी व्यक्ति या उसके परिवार के सदस्य में H1N1 अथवा इन्फ्लुएंजा जैसे लक्षण दिखाई देने पर नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र या बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय में चिकित्सक को दिखाने और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार आवश्यक जांच कराने की अपील की गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page