Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 30 अगस्त। क्षेत्र के गांव नगला दली स्थित संविलियन विद्यालय में बीती रात अज्ञात बदमाशों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर विद्यालय के कमरों से छत पर लटके आठ सीलिंग फैन और दो टेबल फैन चुरा ले गए। चोरों ने विद्यालय के कमरों के ताले तोड़े। उन्होंने कार्यालय का ताला तोड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन वहां से कोई पंखा चोरी नहीं कर पाए। विद्यालय परिसर के पास एक सरिया मिली है, जिससे आशंका है कि चोरों ने ताले तोड़ने के लिए उसका इस्तेमाल किया होगा। सुबह विद्यालय पहुंचने पर ग्रामीणों को चोरी का पता चला। उन्होंने तत्काल प्रधानाध्यापक मुन्नेश कुमार और ग्राम प्रधान को सूचित किया।।सूचना मिलने पर प्रधानाध्यापक मुन्नेश कुमार और ग्राम प्रधान मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत डायल-112 पुलिस और बहरदोई चौकी प्रभारी को घटना की जानकारी दी। पुलिस टीम ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। प्रधानाध्यापक मुन्नेश कुमार ने बताया कि चोर चार कमरों से कुल आठ सीलिंग फैन और दो टेबल फैन चुरा ले गए हैं। इस घटना की जानकारी शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भी दे दी गई है। विद्यालय में हुई चोरी की इस घटना से ग्रामीणों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। पुलिस ने अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस घटना का खुलासा करने के लिए संभावित सुरागों की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page