हाथरस 30 अगस्त । कर्ज के कन्हैया का 171वां वार्षिकोत्सव शनिवार, 30 अगस्त से धार्मिक एवं भक्तिमय वातावरण में प्रारंभ हो गया। वार्षिकोत्सव का शुभारंभ अखंड रामचरितमानस पाठ के साथ हुआ। 30 अगस्त से शुरू हुआ यह धार्मिक उत्सव आगामी 11 सितंबर को प्रसाद वितरण के साथ विधिवत संपन्न होगा। कार्यक्रम का आरंभ प्रातःकाल मंगला आरती के साथ हुआ। इसके बाद भगवान का भव्य श्रृंगार कर श्रृंगार आरती की गई। मध्यान्ह शयन के पश्चात संध्याकालीन श्रृंगार आरती का भी भव्य आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ सहभागिता की।
इसके उपरांत दोपहर 12 बजे पंडित रामकिंकर दीक्षित जी के आचार्यत्व में विधि-विधानपूर्वक पूजन-अर्चन कराया गया। पूजा-अर्चना के बाद अखंड रामचरितमानस पाठ का शुभारंभ हुआ। अखंड पाठ के दौरान श्रद्धालुओं ने रामचरितमानस का श्रवण कर भगवान श्रीराम की आराधना की। वार्षिकोत्सव में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता देखने को मिली। पूरे आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना हुआ है। इस अवसर पर पंडित रमेश चंद्र ब्रह्मचारी, अध्यक्ष राजीव शर्मा (राजू बौहरे), ठाकुर पवन सिंह पौरुष, पं. सारस्वत जी, पूर्व सभासद पवन वार्ष्णेय सहित अन्य श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजकों के अनुसार, आगामी दिनों में भी विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और 11 सितंबर को प्रसाद वितरण के साथ 171वें वार्षिकोत्सव का समापन होगा।














